Jamshedpur : दलमा अभयारण्य की गोद में बसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इलाके को अब पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिलने जा रही है। जमशेदपुर के पास स्थित दलमा लेक और उससे सटे कुटीमकाली गांव को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
बोड़ाम प्रखंड के अंतर्गत आने वाले कुटीमकाली गांव में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से 10 आधुनिक गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। दलमा पहाड़ियों की तलहटी में बसे इस गांव की खासियत इसकी शांत वादियां, हरियाली और स्वच्छ वातावरण है, जो पर्यटकों को शहर की भागदौड़ से दूर सुकून भरा अनुभव देगा।
यह क्षेत्र टाटानगर शहर से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे यहां पहुंचना भी बेहद आसान होगा। प्रस्तावित गेस्ट हाउसों को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि पर्यटक प्राकृतिक माहौल के बीच रहते हुए भी आधुनिक सुविधाओं का पूरा आनंद ले सकें।इस परियोजना का एक बड़ा उद्देश्य स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी है।
गेस्ट हाउस और पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से ग्रामीणों को स्वरोजगार के नए रास्ते मिलेंगे और इलाके की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।वन्यजीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थान खास आकर्षण का केंद्र बनेगा। दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के समीप होने के कारण यहां आने वाले पर्यटक जंगल सफारी, ट्रैकिंग और झील के सुंदर दृश्यों का आनंद ले सकेंगे। आने वाले समय में यह क्षेत्र झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।

