रांची। झारखंड में नीट, जेईई, जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर DGP Tadasha Mishra ने वरीय पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। बुधवार को डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय में राज्य में केंद्र व राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के मद्देनजर सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआइजी, जोनल आइजी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
पूर्व में कथित पेपर लीक से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। इससे प्रदेश की न केवल बदनामी होती है बल्कि मेधावी परीक्षार्थियों को भारी नुकसान झेलना पड़ता है। JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान कथित पेपर लीक मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस को बड़ी कार्रवाई भी करनी पड़ी है। पूर्व की घटनाओं से सीख लेते हुए इस बार पहले ही डीजीपी ने अधिकारियों को सतर्क किया है कि भविष्य में किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
अभी आने वाले दिनों में नीट, जेईई, सीयूईटी, झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग से जुड़ी परीक्षाएं होने वाली हैं। इन परीक्षाओं को कदाचार मुक्त कराने से लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तक के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।
परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा
डीजीपी ने तीन मई को होने जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की और परीक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तर पर समन्वय समिति का गठन करने व स्वच्छ रूप से परीक्षा संचालन करवाने का भी सभी एसपी को निर्देश दिया।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने अधिकारियों से कहा है कि हर केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएं। साथ ही प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम से परीक्षा केंद्र तक पूरी सुरक्षा के साथ पुलिस निगरानी में पहुंचाया जाए। प्रत्येक जिले में परीक्षा से पहले निरीक्षण के लिए एक नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति भी अनिवार्य रूप से की जाए।
परीक्षा से पूर्व होटल,लॉज और हॉस्टलों की करें सघन जांच
उन्होंने परीक्षा से पूर्व जिलों में होटल, लॉज, धर्मशाला और हॉस्टलों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
डीजीपी ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले नोडल अधिकारी द्वारा केंद्र, परीक्षा हॉल और कमरों का निरीक्षण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है, ताकि सभी अभ्यर्थी समय पर बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में Jharkhand DGP के साथ एडीजी सीआइडी मनोज कौशिक, आइजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, आइजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल, एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा मौजूद थे। वहीं, वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जोनल आइजी, रेंज डीआइजी, एसएसपी व एसपी जुड़े थे।

