Home » Gumla Police Jawan: खुद को बताया कुंवारा, निकला तीन बच्चों का बाप; गुमला में पुलिस जवान पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप

Gumla Police Jawan: खुद को बताया कुंवारा, निकला तीन बच्चों का बाप; गुमला में पुलिस जवान पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप

फेसबुक से दोस्ती, शादी का वादा और फिर रेस्ट हाउस में दुष्कर्म का आरोप; गुमला पुलिस जवान पर केस की मांग

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला : जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस महकमे में ही तैनात एक जवान पर युवती ने धोखाधड़ी और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी जवान ने अपनी असलियत छिपाकर उसे शादी का झूठा सपना दिखाया। फिर उसके साथ गलत काम किया। अब न्याय पाने के लिए पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती

​यह पूरी घटना सोशल मीडिया से शुरू हुई थी। साल 2018 में सिमडेगा के रहने वाले बसंत बेक नामक पुलिस जवान ने युवती को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। युवती ने उसकी रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों के बीच बातें होने लगीं। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हो गई। वे फोन पर घंटों बातें करने लगे।

​बातचीत के दौरान जवान ने खुद को अविवाहित बताया। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा। युवती ने शर्त रखी कि वह पहले उसके माता-पिता से आकर मिले और घर पर बात करे। हालांकि जवान कभी उसके माता-पिता से मिलने घर नहीं गया। लेकिन वह युवती से मिलने अक्सर उसके गांव आता-जाता रहता था।

शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने की शिकायत

​समय बीतने के साथ सच्चाई सामने आई जो बेहद चौंकाने वाली थी। पीड़िता को बाद में पता चला कि आरोपी जवान पहले से ही शादीशुदा है। इतना ही नहीं वह तीन बच्चों का पिता भी है। युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि जवान ने इस बात को पूरी तरह छुपाया। उसने लगातार कुंवारा होने का नाटक किया और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

​पीड़िता का आरोप है कि 4 जुलाई 2026 को आरोपी ने उसे गुमला बुलाया। उसने कहा कि वह अपने माता-पिता से उसकी मुलाकात कराएगा। युवती उसकी बातों में आ गई और गुमला पहुंच गई। उस दिन तेज बारिश हो रही थी। इसके बाद जवान उसे पालकोट रोड पर स्थित संतोष रेस्ट हाउस ले गया। वहां कमरे में ले जाकर उसने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

समाज के कुछ लोगों के साथ सदर थाने पहुंची पीड़िता

​आरोपी जवान की पोस्टिंग के बारे में भी जानकारी सामने आई है। वह पहले कुरुमगढ़ थाने में तैनात था। फिलहाल उसकी तैनाती पुलिस लाइन में है। शनिवार को पीड़िता समाज के कुछ लोगों के साथ सदर थाने पहुंची। उसने पुलिस को लिखित आवेदन दिया। पीड़िता ने आरोपी जवान के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। कानून के तहत आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read Also : Jamshedpur News: कदमा में चोरी के मामले में एक और चापड़ से हमला करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment