Jamshedpur : जमशेदपुर में आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की।
4231 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जिले में कुल 6 शिक्षण संस्थानों में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4231 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन परीक्षा केंद्रों पर होगा इम्तिहान
परीक्षा के लिए जिन केंद्रों का चयन किया गया है, उनमें लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज करनडीह, को-ऑपरेटिव कॉलेज, वीमेन्स यूनिवर्सिटी जमशेदपुर, द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स, राजकीय आदिवासी हाई स्कूल सीतारामडेरा और एलबीएसएम कॉलेज गोलमुरी शामिल हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ बेहतर क्राउड मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जाए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और केंद्रों के आसपास पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे ताकि यातायात सुचारू बना रहे। सभी अभ्यर्थियों की सख्त जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केवल सरकारी कर्मियों को ही इनविजिलेटर के रूप में तैनात किया जाएगा। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को सैनिटाइज कर सील कर दिया जाएगा। साथ ही बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारी पूरी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।

