Jamshedpur : शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड इलाके में एक 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतका की पहचान वैष्णवी जायसवाल के रूप में हुई है। घटना के समय घर में केवल उसका छोटा भाई मौजूद था, जबकि माता-पिता मंदिर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि वैष्णवी ने अपने भाई से स्कूटी की चाबी मांगी थी, लेकिन चाबी नहीं मिलने पर वह नाराज हो गई और अपने कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया।
काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर छोटे भाई को शक हुआ। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा, जहां वैष्णवी को फंदे से लटका हुआ पाया गया। वैष्णवी बिष्टुपुर स्थित ‘प्रेरणा क्लासेस’ में पढ़ाई करती थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है

