Dhanbad : हवाई अड्डा का निर्माण और भू-धंसान की वजह से धनबाद-बोकारो रोड बंद होने का मुद्दा कोयलांचल में गरमा गया है। भाजपा सांसद ढुलू महतो और विधायक राज सिन्हा इन दोनों मुद्दों पर हेमंत सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, तो झामुमो ने इन पर पलटवार किया है। सोमवार को परिसदन में हुई प्रेसवार्ता में झामुमो नेता व पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि दोनों समस्या केंद्र सरकार से जुड़ी है, इसलिए सांसद को केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करना चाहिए। यह तो राज्य सरकार का मुद्दा ही नहीं है।
यहां बता दें कि सांसद ढुलू महतो ने धनबाद में हवाईअड्डा निर्माण की मांग को लेकर विशाल धरना दिया था, जबकि भाजपा विधायक राज सिन्हा ने केंदुआडीह में धनबाद-बोकारो मार्ग बंद करने के विरोध में धरना दिया। दोनों नेताओं ने इसके लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
सांसद-विधायक के आरोपों का जवाब देते हुए चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सांसद और विधायक अपनी विफलता छिपाने के लिए राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं। यदि उनमें हिम्मत है तो जनता के सामने सच्चाई बताएं और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करें।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर अग्रवाल ने धनबाद के विधायक राज सिन्हा को डेड बैटरी तक कह दिया। अग्रवाल ने बीसीसीएल और डीजीएमएस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट का निर्माण, झरिया में भू-धंसान और सड़कों को बंद करने के लिए केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियां जिम्मेदार हैं।
अग्रवाल ने कहा कि सांसद व विधायक अपनी अक्षमता छिपाने के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। राज्य सरकार के खिलाफ दोनों का धरना यही साबित कर रहा है कि वे केंद्र सरकार से कुछ नहीं मांग सकते हैं।
अग्रवाल ने कहा कि धनबाद-बोकारो सड़क को बंद करने का निर्णय बीसीसीएल और डीजीएमएस ने लिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि विस्थापितों को जबरन कहीं बसाने के बजाय केंद्र सरकार 10 से 15 लाख रुपये तक एक-एक विस्थापित को मुआवजा दे दे, ताकि वे अपनी सुविधा के अनुसार सुरक्षित स्थान पर घर बना सकें।
दिल्ली में पैरवी करें सांसद : मन्नू आलम
झामुमो नेता मन्नू आलम ने सांसद ढुलू महतो के धरने को सियासी नौटंकी बताते हुए कहा कि जब केंद्र में भाजपा की ही सरकार है, तो उन्हें दिल्ली में पैरवी करनी चाहिए। यहां सड़क पर धरना देने की क्या आवश्यकता है। आलम ने कहा कि यह कौन नहीं जानता है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय केंद्र सरकार का उपक्रम है। केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार है। धनबाद की जनता ने उन्हें बड़े जनादेश के साथ सांसद चुना है, तो उन्हें संसद में अपनी मांग रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सांसद को बताना चाहिए कि बलियापुर एरोड्रम की जमीन केंद्र के पास सुरक्षित होने के बावजूद अब तक वहां रनवे क्यों नहीं बना। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जिला प्रशासन पहले ही जमीन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है, लेकिन भाजपा के जनप्रतिनिधि अपनी विफलता का ठीकरा राज्य सरकार पर फोड़कर केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं।
Read Also: Dhanbad News : चलती ट्रेन में चोरी के बाद चेन पुलिंग कर भाग रहा चोर पकड़ा गया

