Gumla : गुमला जिले के घाघरा थाना से 300 मीटर दूर सोमवार शाम को बड़ी लूट हो गई। फूटो रोड पर हरिओम ज्वेलर्स के संचालक शशांक सोनी से तीन हथियारबंद अपराधियों ने करीब एक करोड़ रुपये के गहने और 70 हजार रुपये लूट लिए। जानकारी के अनुसार, घाघरा के जाने-माने व्यवसायी शशांक सोनी अपनी दुकान बंद कर फूटो रोड स्थित अपने घर जा रहे थे।
इसी दौरान बीच रास्ते में पहले से घात लगाए तीन अज्ञात अपराधी बाइक से पहुंचे और उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने हथियार दिखाकर उनके पास से वह बैग छीन लिया, जिसमें गहने व रुपये रखे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। गोली की आवाज सुनते ही लोग सहम गए। कुछ देर के लिए फूटो रोड पर अफरातफरी मच गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना की पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के थानों को सूचित कर दिया गया।

