Khunti : झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं।
घटना मुरहू के डेहकेला गांव की है, जहां 25 अप्रैल की रात अपराधियों ने केदार अहीर के घर पर धावा बोला और उनके बेटे रूसू अहीर को जांघ में गोली मार दी। शुरुआत में इस मामले को आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में असल वजह सामने आई।
जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरा मामला अफीम के अवैध कारोबार से जुड़े करीब सवा लाख रुपये के लेनदेन विवाद का है। पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने गोली चला दी।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी जोहन मुंडू और खुदीराम ओड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, कारतूस का खोखा और घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में कुल 12 लोग शामिल थे। फिलहाल दो की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी 10 आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि जिले में अफीम के अवैध कारोबार और इससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

