
रांची : 14वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2024 में झारखंड की टीम ने तेलंगाना को एकतरफा मुकाबले में 11-0 से पछाड़ कर शानदार जीत हासिल की। यह मैच मंगलवार को सिकंदराबाद, तेलंगाना में खेला गया, जहां झारखंड की महिला टीम ने अपनी आक्रामक खेल रणनीति से तेलंगाना को बुरी तरह हरा दिया।
जमुना कुमारी ने दागे सर्वाधिक पांच गोल
26 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में झारखंड ने अपनी ताकतवर टीम के साथ तेलंगाना को पूरी तरह से दबोच लिया। इस शानदार जीत में जमुना कुमारी ने अपनी बेहतरीन प्रदर्शन से सबसे ज्यादा 5 गोल किए (14वें, 34वें, 49वें, 49वें, और 59वें मिनट में)। उनके साथ सुकर्मानी मुंडू ने एक गोल (19वें मिनट में), श्रुति कुमारी ने दो गोल (28वें और 40वें मिनट में), अनुप्रिया सोरेंग ने एक गोल (56वें मिनट में), और लेवनी हेमरोम ने एक गोल (58वें मिनट में) दागा।
जमुना कुमारी को मिला ‘मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ पुरस्कार
इस शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की खिलाड़ी जमुना कुमारी को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। उनकी जबरदस्त खेल भावना और गोलों की झड़ी ने टीम को यह अभूतपूर्व जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
टीम की इस जीत पर झारखंड हॉकी के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव विजय शंकर सिंह और सीईओ रजनीश कुमार सहित पूरी टीम ने इस जीत पर खिलाड़ी और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत झारखंड की हॉकी की बेहतरीन सफलता का प्रतीक है और भविष्य में और अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

