Dhanbad : धनबाद में चलती ट्रेन में चोरी की एक घटना के बाद चोर को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। मुंबई से हावड़ा जा रही मुंबई मेल एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का पर्स चोरी कर आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन यात्रियों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसकी योजना नाकाम हो गई।
घटना रांगाटांड़ इलाके की है, जहां आरोपी ने चोरी के बाद ट्रेन की चेन पुलिंग कर उसे बीच रास्ते में रोक दिया और फरार होने लगा। हालांकि उसकी गतिविधियों पर नजर पड़ते ही लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें महिला का पर्स और अन्य सामान बरामद हुआ। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और मामले की सूचना रेलवे सुरक्षा बल को दी।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसका ससुराल धनबाद के जामाडोबा क्षेत्र में है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।

