Jamshedpur : पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली प्रचंड जीत के बाद जमशेदपुर महानगर में जश्न मनाया गया। यहां जबर्दस्त उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सोमवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच जीत का जश्न मनाने के लिए हजारों कार्यकर्ता एकत्रित हुए। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ता जमकर झूमे और ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा इलाका गूंजायमान रहा।
एक दूसरे को खिलाई मिठाई
इस दौरान आतिशबाजी की गई, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी बनाकर जीत की खुशियां शेयर की गईं। महिला कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ जश्न में खुशी मनाई।इस मौके पर संजीव सिन्हा ने तीनों राज्यों के मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के प्रभावी मार्गदर्शन में भाजपा को यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण, संगठन की ताकत और जनता के विश्वास का नतीजा है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में लंबे समय से जारी टीएमसी शासन के अंत को जनभावनाओं की जीत बताया। भाजपा नेता सुबोध झा ने भी इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व की राजनीति पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत और पुडुचेरी में समर्थन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत केवल उत्सव का अवसर नहीं बल्कि जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभाने का संदेश भी है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

