दुमका। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा अस्पताल में भर्ती है। घटना बुधवार देर रात हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर कुरमाहाट गांव के पास हुई।
मृत युवक की पहचान बड़ेत गांव निवासी विजय मिर्धा के रूप में की गई है। वहीं उसका भाई राजू मिर्धा घायल है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई किसी काम से कुरमाहाट बाजार गए थे और देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रही इनोवा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सड़क किनारे पैदल जा रहे होपन मरांडी भी वाहन की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद वे झाड़ियों में घायल अवस्था में पड़े रहे। गुरुवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सरैयाहाट स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
मात्र दो साल पहले हुई थी शादी
दुर्घटना के बाद दोनों भाइयों को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान विजय मिर्धा ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
ग्रामीणों के अनुसार विजय की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है। उसकी पत्नी गर्भवती भी है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की स्थिति देखकर गांव में शोक का माहौल है।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को बड़ेत गांव के पास सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा इतना भीषण था कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read Also: Dhanbad Crime: प्रिंस खान के नाम पर मांगी एक करोड़ की रंगदारी; चार गिरफ्तार

