Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड, गरीब कॉलोनी निवासी लगभग 30 वर्षीय मोहम्मद मुमताज उर्फ आशिक पर अज्ञात युवक ने पीछे से स्टील की रॉड से हमला कर दिया।यह हमला उस समय हुआ जब मुमताज अपने कार्यस्थल पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे।
अचानक हुए इस वार से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़े।सहकर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक बताते हुए आईसीयू में भर्ती किया है।
चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति अत्यंत क्रिटिकल बनी हुई है।घटना के पीछे कारण और आरोपी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में किसी भी पुरानी रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है।
घायल के भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि मुमताज की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे परिवार भी पूरी तरह हैरान है।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश जारी है।

