Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के मिश्रा बागान में आठ मई की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फायरिंग की यह वारदात पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अंजाम दी गई थी। इस घटना के पीड़ित संदीप पांडेय पर आरोप है कि उन्होंने मिश्रा बागान के ही रहने वाले फुचू उर्फ रितेश कुमार सिंह का कुछ दिन पहले मारपीट कर हाथ पैर तोड़ दिया था। इसी घटना का बदला लेने के लिए फायरिंग की इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले फुचू उर्फ रितेश कुमार सिंह और प्रेमनगर रोड नंबर एक के रहने वाले उसके साथी सोनू झा को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद किया गया है।
पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा गोली, गोली का खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में टेल्को थाना में 09 मई को दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयुष पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
झोपड़ी से हुई दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी
मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर 9 और 10 मई की रात जैम्को से सलगाझड़ी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क के पास बिरसा मुंडा प्रतिमा के समीप बनी झोपड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने सोनू झा और रितेश कुमार सिंह उर्फ फूचू को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमनगर रोड नंबर-1 निवासी 29 वर्षीय सोनू झा और जैम्को मिश्रा बगान निवासी 29 वर्षीय रितेश कुमार सिंह उर्फ फूचू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.65 बोर का एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा गोली और गोली का खोखा बरामद किया।
कदमा के बदमाश को बेचा था हथियार
पूछताछ में सोनू झा ने पुलिस को बताया कि वह अवैध हथियार सहरसा टाउन से करीब तीन किलोमीटर दूर एक व्यक्ति से खरीदकर लाता था और उसकी बिक्री भी करता था। उसने यह भी खुलासा किया कि पूर्व में उसने कदमा थाना क्षेत्र निवासी मनोज कुमार को भी हथियार बेचा था, जो हत्या जैसे गंभीर मामलों का आरोपी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सोनू झा पहले भी बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 32/25 हत्याकांड में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
यह सामान हुआ बरामद
- 7.65 बोर का एक देशी पिस्तौल
- तीन जिंदा गोली
- गोली का एक खोखा
- एक मोबाइल फोन

