Jamshedpur : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर-1 बी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में रविवार को बड़ी पहल की गई। स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की योजना मद से करीब 60 लाख 57 हजार 255 रुपये की लागत से बनने वाली योजना का शिलान्यास सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू ने संयुक्त रूप से किया। निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग की देखरेख में कराया जाएगा।
बिरसानगर क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार की मांग लंबे समय से उठ रही थी। खासकर प्रसूति सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना तैयार की गई।
सांसद बोले आसपास के लोगों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि योजना पूरी होने के बाद बिरसानगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अस्पताल के प्रथम तल पर बनेगा पुरुष व महिला वार्ड
वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि अस्पताल के प्रथम तल पर पुरुष एवं महिला वार्ड, वेटिंग एरिया, प्रसव कक्ष, नर्सिंग स्टेशन, मेडिसिन स्टोर समेत कई जरूरी सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य केंद्र में अन्य आवश्यक सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी, ताकि लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, चंद्रशेखर मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, बापन बनर्जी, रंजीत सिंह, कुमार अभिषेक, विकास शर्मा, युवराज सिंह, रितेश झा, बोलटू सरकार, जितेंद्र मिश्रा, श्रीराम प्रसाद, बबलू गोप, शैलेश गुप्ता, मीरा झा, सीमा दास, रॉकी सिंह समेत भवन निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

