Ranchi : झारखंड सीआईडी की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीआइडी ने इस मामले में उत्तर प्रदेश से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मिर्जापुर निवासी बृजेश सिंह है।
सीआईडी की डीएसपी नेहा बाला ने रविवार को बताया कि इस मामले में 10 मार्च को साइबर क्राइम थाना में केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसे व्हाट्सएप के जरिए एफएक्सपीआरओ ग्रुप सीसी नामक ग्रुप से जोड़ा गया। इसके बाद एक वेबसाइट के माध्यम से फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने का लालच दिया गया।
अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए थे पैसे
जांच के दौरान पता चला कि साइबर ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए। शुरुआत में मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता गया और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कराई गई। मामले की जांच में करीब 8.52 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है।
आरोपी के पास से यह सामान हुए बरामद
तकनीकी अनुसंधान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेकबुक समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

