धनबाद : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बढ़ते अपराध को लेर मंगलवार को राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है।कहा कि झारखंड में पुलिस, गैंगस्टर और माफिया का गठजोड़ हो गया है। राज्य की स्थिति खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुकी है। ऐसे में आम लोगों का विश्वास राज्य सरकार और पुलिस पर से डगमगा गया है।
वे मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता मामले का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि जिस अनुराग गुप्ता को हेमंत सोरेन सरकार ने दो वर्षों तक सस्पेंड रखा, उसी अधिकारी को बाद में गलत तरीके से राज्य का डीजीपी बना दिया। सेवानिवृत्त होने के बाद भी सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार दिया।
उन्होंने अमन साहू एनकाउंटर सहित अन्य अपराधियों का मामला उठाते हुए पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए और हेमंत सोरेन सरकार को घेरा। उन्होंने झारखंड की प्रथम और वर्तमान महिला डीजीपी तदाशा मिश्रा की नियुक्ति को भी अवैध बताया।
SSP पर भी लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने धनबाद के पूर्व एसएसपी संजीव कुमार और वर्तमान एसएसपी पर भी कोयले की लूट करवाने का आरोप लगाया। साथ ही वर्तमान एसएसपी प्रभात कुमार पर भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान द्वारा वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए राज्य सरकार से पूरे मामले की जांच एनआईए से करवाने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रिंस खान को शूटर उपलब्ध कराने वाले राहुल सिंह को सरकारी अंगरक्षक और हथियार रखने के लाइसेंस निर्गत होने के मामले की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने एसीबी के डीजी प्रिया दुबे और उनके पति पर लगे आय से अधिक संपत्ति के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ऐसे अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर जान-बूझकर राज्य की कानून व्यवस्था को बिगाड़ रही है।
Read Also: Jamshedpur BJP News : गैर सक्रिय सदस्य को मंडल अध्यक्ष बनाने के मामले में लटकी कार्रवाई की तलवार

