Home » West Singhbhum News : चक्रधरपुर में अतिक्रमण पर चला नगर परिषद का बुलडोजर, चायना गली में बनेगा टॉयलेट

West Singhbhum News : चक्रधरपुर में अतिक्रमण पर चला नगर परिषद का बुलडोजर, चायना गली में बनेगा टॉयलेट

West Singhbhum News : सिटी मैनेजर राहुल अभिषेक ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार कई दिनों तक चलाया जाएगा।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद ने सोमवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान चक्रधरपुर चेक नाका से प्रखंड कार्यालय तक चलाया गया। नगर परिषद की टीम ने अनुमंडल अस्पताल और प्रखंड कार्यालय की चारदीवारी के बाहर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से हटाया।

माइकिंग के बाद भी नहीं हटाया था अतिक्रमण

नगर परिषद ने बताया कि अभियान से पहले कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर पूरे शहर में माइकिंग कर दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों को अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी। इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकानों और अवैध निर्माणों को तोड़ा गया।

अभियान जारी रहेगा : सिटी मैनेजर

सिटी मैनेजर राहुल अभिषेक ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार कई दिनों तक चलाया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और आम लोगों को परेशानी नहीं होगी।

दुकानदारों का आरोप: गरीबों पर कार्रवाई, बड़ों पर मौन

कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों ने नगर परिषद पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। दुकानदारों का कहना है कि नगर परिषद रोजाना दुकानों और ठेला-खोमचा वालों से शुल्क लेती है। इसके लिए निविदा भी निकाली जाती है, लेकिन बाद में गरीबों की दुकानों पर जेसीबी चलाकर नुकसान पहुंचाया जाता है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बड़े व्यवसायियों द्वारा गाजिया गली में व्यापारी पूरे रास्ता को जाम करके दिन भर माल उतारते हैं और चढ़ाते हैं। इससे पैदल चलना मुश्किल हो गया। लेकिन नगर परिषद कभी कोई कार्रवाई नहीं करती है।

नगर परिषद की सफाई

नगर परिषद ने सफाई दी कि ठेला-खोमचा संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया के तहत ठेकेदार द्वारा शुल्क वसूला जाता है। साथ ही स्पष्ट निर्देश है कि सड़क किनारे केवल उठाव दुकान ही लगाई जाए, जिसे समय पर हटाया भी जा सके। ताकि यातायात बाधित न हो।इस अभियान में नगर परिषद के सिटी मैनेजर राहुल अभिषेक, कर्मचारी तथा चक्रधरपुर पुलिस कर्मी मौजूद थे।

चक्रधरपुर की चायना गली में बनेंगे सार्वजनिक टॉयलेट

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर की चर्चित चायना गली को जल्द अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। नगर परिषद ने यहां बाजार आने वाले लोगों और कारोबारियों की सुविधा के लिए छोटे-छोटे सार्वजनिक टॉयलेट बनाने का निर्णय लिया है।

टॉयलेट नहीं होने से होती थी परेशानी

चायना गली में रोजाना बड़ी संख्या में बाजार एवं हाट के लिए लोग आते हैं। क्षेत्र में टॉयलेट की सुविधा नहीं होने से ग्राहकों, दुकानदारों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से स्थानीय लोग यहां शौचालय निर्माण की मांग कर रहे थे।

उपाध्यक्ष ने दी जानकारी

नगर परिषद के उपाध्यक्ष सह वार्ड संख्या 7 के पार्षद विजय कुमार साव ने बताया कि चायना गली को अतिक्रमण मुक्त कर वहां छोटे-छोटे बाथरूम का निर्माण कराया जाएगा। इससे बाजार आने वाले लोगों एवं दुकानदारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद खाली हुई जगह का इस्तेमाल जनसुविधाओं के लिए किया जाएगा।

जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान: उपाध्यक्ष

वार्ड पार्षद विजय कुमार साव ने कहा कि नगर क्षेत्र में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। चायना गली में टॉयलेट निर्माण के बाद आने वाले दिनों में अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर परिषद का प्रयास है कि बाजार क्षेत्र में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

नगर परिषद की इस पहल का स्थानीय लोगों एवं कारोबारियों ने स्वागत किया है। दुकानदारों का कहना है कि टॉयलेट बनने से ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी और बाजार का माहौल भी बेहतर होगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। चायना गली चक्रधरपुर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। अतिक्रमण हटने और बाथरूम बनने से यहां यातायात और स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा।

बता दें की वर्तमान में चायना गली को स्थानीय दुकानदार अतिक्रमण कर एक तरफ राज कर रहे हैं। जिसका विरोध सभी ने किया।

Read Also: West Singhbhum: अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर जब्त

Related Articles

Leave a Comment