Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा मिडिल स्कूल के पास 9 मई को किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी सोनू कर्मकार के रूप में हुई है।पुलिस को मृतका के पिता की ओर से लिखित शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था। घटना के दिन आरोपी अपनी पत्नी के साथ परसुडीह के छोलागोड़ा स्थित ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान किशोरी ने आरोपी को मिलने के लिए बुलाया और उससे शादी करने का दबाव बनाने लगी। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से किशोरी का गला काटकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

