Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना की बालीगुमा पानी टंकी को चालू कराने की दिशा में पहल तेज कर दी है। गुरुवार को उन्होंने डिमना चौक से डिमना नाला तक एनएच-33 क्षेत्र का सघन भ्रमण किया और एनएचएआई तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के अभियंताओं के साथ बैठक कर पाइपलाइन बिछाने के संभावित मार्गों पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि विभाग पाइपलाइन बिछाने में किसी प्रकार की बाधा नहीं डाल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि डिमना चौक के पास ऊपरी सड़क (रैंप) निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए पाइपलाइन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं।
यह है प्रस्ताव
पहले प्रस्ताव के तहत डिमना चौक से डिमना नाला तक पाइपलाइन एनएच के यूटिलिटी कॉरिडोर से लाई जाएगी। इसके बाद पाइपलाइन को आशियाना क्षेत्र की ओर से होते हुए जयपाल कॉलोनी और सुकना बस्ती को जोड़ने वाले पुल के पास डिमना नाला पार कराकर बालीगुमा पानी टंकी तक पहुंचाने का सुझाव दिया गया। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर किसी उपयुक्त स्थान पर संरचना बनाकर पाइपलाइन को नाला पार कराया जा सकता है।
क्या है दूसरा विकल्प
दूसरे विकल्प में पाइपलाइन को डिमना नाला के निचले आधार तल से पार कराने का सुझाव दिया गया। इसके बाद पाइपलाइन को सुकना बस्ती की ओर से पूर्व निर्धारित मार्ग से बालीगुमा टंकी तक ले जाया जाएगा। बाद में एनएचएआई की पांचवीं पुलिया तैयार होने पर पाइपलाइन को स्थायी रूप से पुल के किनारे स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के बाद मौजूद लोगों ने आशियाना वाले किनारे से होकर पाइपलाइन ले जाने वाली योजना को पहली प्राथमिकता और आधार तल से होकर पाइपलाइन ले जाने वाली योजना को दूसरी प्राथमिकता देने की सहमति जताई।
बाद में हुई मीटिंग
इसके बाद सरयू राय ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि एनएचएआई और पीएचईडी के बीच हुए पत्राचार से यह भ्रम फैल गया है कि एनएचएआई परियोजना में अड़ंगा डाल रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति ऐसी नहीं है।
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता ने भरोसा दिलाया कि दोनों वैकल्पिक मार्गों का तकनीकी और व्यावहारिक अध्ययन कराया जाएगा। जो मार्ग अधिक उपयुक्त होगा, उसी पर काम आगे बढ़ाया जाएगा।
सरयू राय ने अधिकारियों से कहा कि वे किसी दबाव में आए बिना तकनीकी और वित्तीय दृष्टिकोण से सही निर्णय लें। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्र रूप से निर्णय लिया जाए तो दो दिनों के भीतर बालीगुमा टंकी तक पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो सकता है और पिछले छह वर्षों से बंद पड़ी पानी टंकी से जल्द जलापूर्ति आरंभ की जा सकती है।
इस दौरान भाजपा नेता नीरज सिंह, वार्ड पार्षद राजेश सिंह, जितेंद्र साव, जदयू नेता पप्पू सिंह, स्थानीय नागरिक डी मिश्रा, नरेन महतो, संजीव मुखर्जी, पिंटू सिंह, श्याम सिंह और बीरू कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।

