Jamshedpur : जमशेदपुर में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने लोगों से पैनिक बाइंग यानी अफरातफरी में खरीदारी नहीं करने की अपील की है।
समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय ने तेल कंपनियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में इंडियन ऑयल, एचपी, भारत पेट्रोलियम और जियो के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में अफवाहों के कारण सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई है। इससे कई पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक दबाव की स्थिति बन गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को बोतल या अन्य कंटेनरों में तेल नहीं देने का निर्देश भी दिया, ताकि सुरक्षा संबंधी खतरे और दुरुपयोग रोका जा सके।
एसएसपी पीयूष पाण्डेय ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से वाहनों की कतार लगाने से यातायात और कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने नागरिकों से संयम बरतने और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की।
तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी साफ किया कि जिले में सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन ने तेल कंपनियों को लगातार सप्लाई की निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों से कहा गया कि वे सोशल मीडिया और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक करें, ताकि किसी तरह का भ्रम न फैले। साथ ही सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, यू-ट्यूबर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों से भी भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई।

