- आज ही मजदूरी करके घर लौटा था बेटा, दुर्घटना में हुई मौत, घर में मातम
- बाइक में दोनों दोस्त को छोड़ने जा रहा था कृष्णा, तभी हुआ हादसा
चाईबासा : चक्रधरपुर-मनोहरपुर मुख्य मार्ग एनएच-320 डी में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। जानकारी के मुताबिक चेलाबेडा गांव निवासी कृष्णा नायक (अमीन नायक) अपने दो दोस्त तोयरा गांव निवासी गणेश नायक व श्यामलाल बाईक (जेएच 06 यू 8103) में सवार होकर सोनुवा की ओर जा रहे थे। विपरीत दिशा से साईं रथ नामक बस (संख्या – जेएच 22 एफ 4775) मनोहरपुर से टाटा जा रही थी। बस तेज रफ्तार में चक्रधरपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान कॉन्सेप्ट पब्लिक स्कूल के पास बाईक व बस में जोरदार टक्कर हो गई।

दो की घटना स्थल पर ही मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
इस सड़क हादसे में कृष्णा नायक व उसके दोस्त की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक में सवार एक अन्य युवक को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इधर घटना की सूचना पाकर चक्रधरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और तीनों युवकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा। लेकिन शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। इसके बाद दो शवों को रेलवे हॉस्पिटल एवं एक को चक्रधरपुर अनुमंडल के शीतगृह में रख दिया गया है। परिजनों को घटना के संबंध में सूचना दी गई है। घटना की सूचना पाकर परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और शवों की पहचान की। इधर पुलिस बस व बाईक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
दोस्त को छोड़ने जा रहा था बेटा : पिता
मृतक कृष्णा नायक के पिता मोनो नायक ने बताया की मेरा बेटा कृष्णा नायक आदित्यपुर गम्हरिया
में मजदूरी करता था। वह आज ही घर लौटा था। लेकिन तोयरा गांव में मेला था। दोनों दोस्तों को छोड़ने के लिए कृष्णा नायक जा रहा था। तभी सड़क दुर्घटना होने से तीनों की मौत हो गई । मौत होने से गांव में मातम पसर गया है।

चक्रधरपुर की सड़कें बनीं एक्सीडेंट जोन
चक्रधरपुर शहर में सड़क दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है। चक्रधरपुर के सोनुवा रोड, टोकलो रोड, बांझीकुसूम-केरा रोड, पोटका, कुसूमकुंज मोड़, आसनतलिया, शर्मा होटल आदि जगह दुर्घटना जोन बन गया है।
Read Also: Chaibasa Murder News : नशे के लिए बुआ ने नहीं दिए पैसे तो गला दबाकर मार डाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

