
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जुगसलाई बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर एक आपराधिक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार भी बरामद की है।
जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 15 मई को जुगसलाई बाजार में स्थित यूनिक कलेक्शन नामक कपड़ा दुकान पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए मेरून रंग की वैगनआर कार का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें पांच लोग सवार थे। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर 19 मई को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटीक उर्फ अंकित सोनकर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इनके कब्जे से चार अवैध देशी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और मेरून रंग की वैगनआर कार जब्त की है। नगर अधीक्षक के अनुसार, गिरफ्तार छह आरोपियों में से चार का आपराधिक इतिहास रहा है। ये लोग रंगदारी और धमकी देकर पैसे वसूलने का काम करते थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस गिरोह के कई सदस्य पहले से जेल में बंद हैं।
ललित मीणा ने बताया कि फायरिंग की घटना को पांच लोगों ने अंजाम दिया था, लेकिन इस पूरे मामले में मास्टरमाइंड और सहयोग करने वाले अन्य कई लोगों की भूमिका भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस इस मामले को संगठित अपराध और रंगदारी गिरोह से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
खरकई में मिला नवजात का शव
आदित्यपुर के आरआइटी थाना क्षेत्र में खरकई नदी में एक नवजात का शव मिला है। बागबेड़ा के लोग जब बुधवार को बड़ौदा घाट की तरफ खरकई नदी के पास पहुंचे तो वहां देखा गया कि वहां एक नवजात का शव पड़ा है। इसकी सूचना बागबेड़ा पुलिस को दी गई। बागबेड़ा पुलिस पहुंची तो पता चला कि मामला आदित्यपुर का है। इसके बाद आरआइटी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है। पता लगाया जा रहा है कि नदी में शव किसने फेंका।
जमशेदपुर में नशीली दवाओं के बड़े सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक बड़े सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि कोलकाता से प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप जमशेदपुर लाई जा रही थी, जिसे बाद में शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई कर खपाया जाता था।
इस मामले में जुगसलाई पुलिस ने गरीब नवाज कॉलोनी निवासी अमजद अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेल ओवरब्रिज के पास संदिग्ध गतिविधियों के दौरान दबोचा। बताया जा रहा है कि वह वहां नशीली दवाओं की बिक्री कर रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 10 बोतल कोडीन युक्त सिरप और 52 पीस कोरेक्स बरामद किए हैं। पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े सप्लाई नेटवर्क के कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शहर में इसकी पहुंच किन इलाकों तक थी।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
Read also Jharkhand SIR : SIR पर JMM का चुनाव आयोग को संदेश, कहा- झारखंड का राजनीतिक मिजाज अलग

