चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी पैसा जनता का है, इसलिए जहां भी विकास योजनाएं चल रही हैं, वहां के स्थानीय ग्रामीण खुद सजग होकर काम की निगरानी करें।
उक्त बातें आनंदपुर में विधायक जगत माझी ने बुधवार को जोरोबाड़ी में एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य के शिलान्यास के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहीं।
जोरोबाड़ी बाजार टांड से संथाल टोली तक बनेगी सड़क
बुधवार को आनंदपुर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत रुंघीकोचा पंचायत के जोरोबाड़ी में सड़क शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक जगत माझी ने ग्रामीण कार्य विभाग के तहत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनने वाली 3 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया। यह महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना जोरोबाड़ी बाजार टांड से लेकर जोरोबाड़ी संथाल टोली तक बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 3.16 करोड़ की लागत आने का अनुमान है। इस मार्ग के पक्का हो जाने से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्तों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
लापरवाह ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई: विधायक
विधायक जगत माझी ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों की क्लास भी लगाई। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता दुर्गा सोरेन और कनीय अभियंता कुमार गौतम को सख्त लहजे में हिदायत दी कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इंजीनियर नियमित रूप से साइट का निरीक्षण करें। अगर कोई संवेदक घटिया सामग्री का इस्तेमाल करता है या काम में लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बोले विधायक-बिछाया जाएगा सड़कों का जाल
विधायक ने आगे कहा कि क्षेत्र के जिन हिस्सों में अभी भी पक्की सड़कें नहीं हैं, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। आने वाले दिनों में सभी जगहों पर मजबूत सड़कों का जाल बिछाया जाएगा और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं को भी तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा। इससे पूर्व, शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे विधायक जगत माझी का ग्रामीणों ने स्वागत किया। गांव की महिलाओं ने अपनी समृद्ध संस्कृति की झलक पेश करते हुए पारंपरिक नृत्य और मांदर की थाप पर गीतों के साथ विधायक का भव्य स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने पूरे पूजा-अर्चना की और शिलापट का अनावरण किया। नारियल फोड़कर योजना की आधारशिला रखी।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य रूप से रुंघीकोचा की पूर्व मुखिया बिमला भेंगरा, सिलास भेंगरा, झामुमो प्रखंड सचिव राजू सिंह, संजीव गंताइत, आशीष गंताइत, अमृत गंताइत सहित भारी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
Read Also- Chaibasa Hindi News : सोनुवा में ट्रैक्टर से गिरा मजदूर, ट्रॉली की चपेट में आने से हो गई मौत

