Home » Chaibasa Hindi News : सोनुवा में ट्रैक्टर से गिरा मजदूर, ट्रॉली की चपेट में आने से हो गई मौत

Chaibasa Hindi News : सोनुवा में ट्रैक्टर से गिरा मजदूर, ट्रॉली की चपेट में आने से हो गई मौत

Jharkhand Hindi News : मृतक मजदूर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश से आया था

by Rajeshwar Pandey
Road-Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : चक्रधरपुर-मनोहरपुर एनएच 320डी पर सोनुवा थाना क्षेत्र के गोलमुंडा कुनुसाई के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक बिजली विभाग के ठेके में काम कर रहा था।

घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की है। सोनुवा क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा पुराने खंभे व बिजली तार बदलने का काम चल रहा है। तार हटाकर केबल बिछाने का काम उत्तर प्रदेश के एक ठेकेदार को मिला है। इसी कार्य के लिए बुधवार को एक ट्रैक्टर ट्रॉली बिजली का सामान लेकर एनएच 320डी से कुनुसाई की ओर जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया…..

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर के इंजन पर ड्राइवर के साथ एक मजदूर भी बैठा था। कुनुसाई के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से मजदूर ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे आ रही ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

रास्ते में ही मजदूर ने तोड़ दिया दम

साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत सोनुवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही मजदूर ने दम तोड़ दिया।

मृतक के परिजनों का पता लगा रही पुलिस

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश से आया मजदूर था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ठेकेदार से संपर्क कर मृतक के परिजनों का पता लगा रही है।

ट्रैक्टर जब्त, चालक से पूछताछ जारी

सोनुवा थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है।

मजदूरों में आक्रोश, सुरक्षा उपकरण व मुआवजे की मांग

घटना के बाद बिजली कार्य में लगे अन्य मजदूरों में आक्रोश है। उन्होंने सुरक्षा उपकरण व मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read Also- Ranchi News : झारखंड सरकार की नई SOP लागू, OPS और NPS कर्मियों के लिए GPF नंबर आवंटन प्रक्रिया हुई स्पष्ट

Related Articles

Leave a Comment