लातेहार : जिले में फिर रिश्तों का कत्ल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वह भी मामूली विवाद में। पिता ने कुछ बात को लेकर बेटे को फटकार लगाई तो उसने कुदाल से पिता के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी।
घटना मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंजो गांव की है। गांव के पवन सिंह ने बुधवार की देर रात अपने पिता राजकुमार सिंह (65) की हत्या कुदाल से कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घर से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में पुलिस मृतक के घर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीनकर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
मानसिक रूप से बीमार है आरोपी
शिंजो पंचायत निवासी राजकुमार सिंह ने बुधवार रात अपने पुत्र चंदन सिंह को किसी बात को लेकर हल्की डांट-फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर चंदन सिंह ने घर में रखे कुदाल से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पुत्र घर से फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, चंदन सिंह मानसिक रूप से बीमार है और हाल ही में उसका इलाज रांची से कराकर घर लाया गया है। वह छोटी-छोटी बातों पर भी उग्र हो जाता है। संभावना जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति खराब रहने के कारण ही युवक ने घटना को अंजाम दिया होगा। थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

