Jamshedpur : जमशेदपुर में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। साकची आमबागान से उपायुक्त कार्यालय तक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी वर्षों तक मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा से जुड़े ऐसे मामलों के कारण उन्हें दोबारा परीक्षा देने की नौबत आती है, जिससे मानसिक दबाव और असमंजस बढ़ता है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भरोसा शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस तरह के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लागू किए जाएं। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधियों ने प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने की बात कही। इस मुद्दे को लेकर झारखंड में भी राजनीतिक हलचल तेज होती दिख रही है।

