Home » RANCHI NEWS: बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार रेस, सभी सरकारी हॉस्पिटलों को किया हाई अलर्ट

RANCHI NEWS: बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार रेस, सभी सरकारी हॉस्पिटलों को किया हाई अलर्ट

स्वास्थ्य मंत्री हीट वेव से निपटने की तैयारी रखने को कहा, सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर नहीं निकलने की अपील

by Vivek Sharma
RANCHI: झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अलर्ट जारी कर अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की जनता के लिए निर्देश जारी करते हुए सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने लोगों से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अत्यधिक सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में मौजूदा मौसम केवल सामान्य गर्मी नहीं, बल्कि संभावित स्वास्थ्य आपदा का रूप ले सकता है। ऐसे में जनता की जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानी लोगों और उनके परिवार की जान बचा सकती है। सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।

हीट वेव रिस्पांस सिस्टम एक्टिव

डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट वेव रिस्पांस सिस्टम को एक्टिव कर दिया गया है। सभी सिविल सर्जनों और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, सन बर्न, इलेक्ट्रोलाइट इंबैलेंस जैसी समस्याओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें। अस्पतालों में ओआरएस, जरूरी दवाइयां, आईवी फ्लूइड, आपातकालीन बेड और कूलिंग सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें

मंत्री ने आम लोगों से अपील की कि गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। धूप में निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंककर रखें। खाली पेट बाहर न निकलें और हल्का व पौष्टिक भोजन करें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का ध्यान रखने को कहा, क्योंकि ये लोग हीट स्ट्रेस के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी जैसी समस्या हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की।

पानी-बिजली की रेगुलर सप्लाई

डॉ. इरफान अंसारी ने विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन को भी कई निर्देश दिए हैं। पेयजल विभाग को स्वच्छ पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली विभाग को लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखने और नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व राहत केंद्र स्थापित करने को कहा गया है। वहीं जिला प्रशासन को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह समय सतर्कता, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का है।

READ ALSO: latehar Crime: मनिका में रिश्तों का कत्ल, पिता ने डांट लगाई तो बेटे ने कर दी हत्या

Related Articles

Leave a Comment