Home » Jharkhand Weather Update : झारखंड में 27 मई तक भीषण गर्मी, कई जिलों में हीटवेव और येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी

Jharkhand Weather Update : झारखंड में 27 मई तक भीषण गर्मी, कई जिलों में हीटवेव और येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी

by Rakesh Pandey
Jharkhand Weather
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में गर्मी लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह से ही तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि 27 मई तक राज्य को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

पलामू, गढ़वा और चतरा में सबसे अधिक गर्मी

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाओं का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। पलामू, गढ़वा और चतरा जिले में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

राज्य के कई जिलों में पिछले चार से पांच दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना से इनकार किया है।

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

आज मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

कल से कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 23 मई से राज्य के कई हिस्सों में मौसम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि 27 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा।

राजधानी रांची में भी तेज धूप और गर्म हवा का असर साफ देखा जा रहा है। लोग गर्मी से बचाव के लिए सिर ढंककर बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दे रही है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा झारखंड का मौसम

बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धनबाद के पंचेत में सबसे अधिक 10.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि बारिश के बावजूद गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली।

वहीं राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। उत्तर-पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों को छोड़कर बाकी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि इससे तापमान में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

Read Also- RANCHI NEWS : दून टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Related Articles

Leave a Comment