RANCHI : रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स भुगतान करने वाले करदाताओं को बड़ी राहत दी है। निगम ने घोषणा की है कि 30 जून 2026 तक एकमुश्त होल्डिंग टैक्स जमा करने पर नागरिकों को देय कर राशि पर अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाएगी। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से समय पर टैक्स भुगतान कर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
नगर निगम के अनुसार करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टैक्स भुगतान की व्यवस्था की गई है। नागरिक SMART RANCHI APP के जरिए आसानी से टैक्स जमा कर सकते हैं। इसके लिए ऐप को गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद होल्डिंग टैक्स विकल्प चुनने पर व्हाट्सएप चैटबोट खुल जाएगा, जहां होल्डिंग नंबर दर्ज करते ही बकाया राशि दिखाई देगी। फिर डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर डिजिटल रसीद प्राप्त की जा सकती है।
इसके अलावा नागरिक व्हाट्सएप चैटबोट नंबर 8986627070 पर Hi या Johar लिखकर भी सीधे टैक्स भुगतान कर सकते हैं। वहीं रांची नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी प्रॉपर्टी टैक्स का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध है। ऑफलाइन भुगतान के लिए निगम कार्यालय और डोरंडा स्थित जन सुविधा केंद्रों में टैक्स जमा किया जा सकता है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठाएं और शहर के विकास में सहयोग करें।
READ ALSO: THE PHOTON NEWS IMPACT: बायोगैस प्लांट को हर दिन 100 टन गीला कचरा देने का निर्देश

