चाईबासा : झारखंड पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रही। वह समाज के लिए मिसाल भी बन सकती है। इसका उदाहरण पेश किया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने रविवार को सभी पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ मिलकर थाना परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया।इस दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने खुद झाड़ू उठाकर पूरे थाना परिसर की सफाई की। कार्यालय, बैरक, परिसर और आसपास के इलाके को चमकाया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार खुद सफाई में जुटे रहे। उनका कहना था कि स्वच्छता की जिम्मेदारी सिर्फ सफाईकर्मी की नहीं है। यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

नेतृत्व ने दी प्रेरणा
जब थाना प्रभारी खुद हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करने लगे तो बाकी पुलिसकर्मियों का भी हौसला बढ़ा। टीम ने पूरे उत्साह के साथ अभियान में हिस्सा लिया। इस पहल से समाज को भी साफ संदेश गया कि स्वच्छता हर व्यक्ति का दायित्व है।
फरियादियों में बढ़ेगा भरोसा
थाना प्रभारी ने कहा कि थाना हमारा दूसरा घर है। साफ सुथरा थाना परिसर फरियाद लेकर आने वाले लोगों में भी भरोसा जगाता है। स्वच्छ माहौल से पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम होती है। लोग अपनी बात खुलकर रख पाते हैं।

स्वच्छ भारत की भावना
मुफस्सिल थाना की इस पहल को स्वच्छ भारत अभियान से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना और कानून व्यवस्था संभालना नहीं है। सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी पुलिस का कर्तव्य है। मुफस्सिल थाना की टीम ने झाड़ू उठाकर यही संदेश दिया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि जब रक्षक खुद स्वच्छता की मिसाल बनेंगे तो समाज में सकारात्मक बदलाव जरूर आएगा।

