रांची : साइबर अपराधियों का नेटवर्क यूपी से झारखंड तक फैला है। बिजली बिल भुगतान मामले में गहराई से जंच करने पर नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। साईबर ठगों ने उत्तर प्रदेश की एक महिला के बैंक खाते से पैसे उड़ाए और इससे ऑनलाइन झारखंड में बिजली बिल जमा कर दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस और बिजली विभाग भी सतर्क हो गए हैं। गहराई से जांच करने में बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही ।
उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद स्थित इंद्रपुरम थाना क्षेत्र की विधायक कॉलोनी निवासी मिनाक्षी राजावत के खाते से करीब 60 हजार रुपये की अवैध निकासी हुई थी। पीड़िता के पति धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 27 फरवरी को साइबर अपराधियों ने मोबाइल फोन हैक कर घटना को अंजाम दिया। मोबाइल हैक होने के बाद पेटीएम के जरिए लगातार कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए।
एक के बाद एक कर पैसे कटने के आने लगे मैसेज
परिवार को ठगी की जानकारी तब हुई जब मोबाइल पर एक के बाद एक कर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की। जांच शुरू होने पर सामने आया कि निकाले गए पैसे का इस्तेमाल अलग-अलग ऑनलाइन भुगतान में किया गया है। इनमें झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के देवघर जिले के मधुपुर डिविजन के दो उपभोक्ताओं के बिजली बिल का भुगतान भी शामिल है।
जांच में जिन उपभोक्ताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें कुंती देवी और भागीरथ भैया शामिल हैं। कुंती देवी मधुपुर निवासी परमेश्वर मंडल की पत्नी हैं, जबकि भागीरथ भैया पत्थरचाप्टी इलाके के रहते हैं।
पीड़िता के पति ने बताया कि उन्होंने इस मामले में बिजली विभाग से जानकारी मांगी है और अब साइबर सेल से संपर्क कर ठगी की रकम वापस लेने की कोशिश की जा रही है। वहीं, जेबीवीएनएल की ओर से मिली जानकारी में बताया गया कि संबंधित खातों में पहले भी कई ट्रांजेक्शन हुए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह किसी बड़े साइबर ठगी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रांजेक्शन से जुड़े सभी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
Read Also: Hazaribagh Accident: हजारीबाग के चरही में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मचाई तबाही; दो लोगों की मौत, दो गंभीर

