Home » Chaibasa News : सांसद जोबा माझी की सादगी फिर आई सामने, जमीन पर बैठकर ग्रामीणों संग किया भोजन; गुदड़ी में विकास कार्यों को हर हाल में पूरा करने का दिया भरोसा

Chaibasa News : सांसद जोबा माझी की सादगी फिर आई सामने, जमीन पर बैठकर ग्रामीणों संग किया भोजन; गुदड़ी में विकास कार्यों को हर हाल में पूरा करने का दिया भरोसा

Chaibasa News : सांसद ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए यह भी बताया कि देवेंद्र माझी के विधायक रहने के दौरान वह चक्रधरपुर के इतवारी बाजार में सब्जी बेचती थीं। आज भी वह खेती-बाड़ी और घरेलू कार्यों से जुड़ी हुई हैं।

by Rajeshwar Pandey
MP Joba Majhi sitting on the ground and having food with villagers during her Gudri visit
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chaibasa : सिंहभूम की सांसद जोबा माझी की सादगी एक बार फिर चर्चा में है। मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गुदड़ी प्रखंड के लिगिर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर सखुआ पत्तल में भोजन किया। सांसद अपने विधायक पुत्र जगत माझी के साथ यहां पहुंची थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजकों ने ग्रामीणों, सांसद और विधायक के लिए जमीन पर बैठकर भोजन की व्यवस्था की थी, जहां दोनों बिना किसी संकोच के ग्रामीणों के बीच बैठ गए और संवाद करते हुए भोजन ग्रहण किया।

इस दौरान कुछ ग्रामीण सांसद और विधायक को जमीन पर बैठकर खाते देख असहज महसूस करने लगे। इस पर सांसद जोबा माझी ने उनकी झिझक दूर करते हुए कहा कि वह एक आंदोलनकारी शहीद परिवार से आती हैं और राजनीति में कितना भी बड़ा पद मिल जाए, लेकिन जमीन से जुड़ाव कभी खत्म नहीं होगा। जोबा माझी के पति और झारखंड आंदोलनकारी देवेंद्र माझी ने सारंडा-पोड़ाहाट जंगल क्षेत्र के लोगों को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करते हुए शहादत दी थी। सांसद ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए यह भी बताया कि देवेंद्र माझी के विधायक रहने के दौरान वह चक्रधरपुर के इतवारी बाजार में सब्जी बेचती थीं। आज भी वह खेती-बाड़ी और घरेलू कार्यों से जुड़ी हुई हैं।

मंगलवार को ही लिगिर गांव में मानकी मनोहर बरजो और झारखंड आंदोलनकारी नरेश बरजो के दुलसुनुम कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने विधि-विधान से श्रद्धांजलि अर्पित की और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने वन पट्टा वितरण में हो रही परेशानी, सड़क, पुल-पुलिया और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी समस्याओं को उनके सामने रखा।

सांसद जोबा माझी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वन विभाग की अड़चनों के बावजूद गुदड़ी क्षेत्र में विकास कार्यों को हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले यहां पत्ता तोड़ना भी अपराध माना जाता था, लेकिन अब वन ग्रामों में रहने वाले लोगों को वन पट्टा मिल रहा है। साथ ही सड़क और पुल-पुलिया का निर्माण भी कराया जा रहा है। मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और टेलीकॉम कंपनियों से लगातार संपर्क में हैं और जल्द समाधान किया जाएगा।

वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कि सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र के लोग उनके परिवार की तरह हैं और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्वीकार किया कि वन विभाग की प्रक्रियाओं के कारण कई विकास योजनाओं में देरी होती है, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव में बैठक की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सांसद और विधायक का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। मौके पर मानकी बिरसा बरजो, गुदड़ी झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, रोलेन बरजो, फ्रांसिस जेवियर केसरा, गोसनर बरजो, रंजीत सुरीन, प्रेमचंद लोमगा, जॉन बरजो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सांसद जोबा माझी की सादगी और गुदड़ी क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।\

Read Also: West Singhbhum News: खूंटपानी में दीदियों ने शुरू किया पलाश नोटबुक का निर्माण, प्रतिदिन 1000 नोटबुक का उत्पादन

Related Articles

Leave a Comment