Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन ने मंगलवार को मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा लाभुकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण स्थल पर पेयजल, बिजली, सड़क, नाली और साफ-सफाई की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा, ताकि वहां शिफ्ट होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इन दोनों ब्लॉकों में कुल 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है। उपायुक्त ने शिफ्टिंग प्रक्रिया को चरणबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का निर्देश देते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और लाभुकों के लिए सभी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की लगातार मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया।
Read Also : Jamshedpur News : चाकुलिया में गांजा कारोबार का खुलासा, 336 ग्राम गांजा के साथ एक गिरफ्तार

