पलामू : झारखंड के पलामू जिले में एक सहायक अध्यापक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के पाटन सीमा से सटे नगदारा गांव में सहायक अध्यापक उदय सिंह (45) का शव खून से लथपथ अवस्था में बरामद किया गया। बदमाशों ने धारदार हथियार से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक उदय सिंह चिल्हो खुर्द गांव के निवासी थे और स्थानीय स्कूल में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत थे। ग्रामीणों के अनुसार वह शिक्षक होने के साथ-साथ ग्रामीण डॉक्टर के रूप में भी लोगों का इलाज करते थे।
परिचित के बुलाने पर घर से निकले थे शिक्षक
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार घटना से पहले उदय सिंह को किसी परिचित व्यक्ति ने फोन कर घर से बुलाया था। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति उन्हें घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नगदारा की ओर ले गया, जहां दोनों ने बैठकर खाने-पीने की पार्टी की। इसी दौरान हत्या की साजिश रची गई और बाद में धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया। पुलिस को आशंका है कि वारदात में मृतक का कोई परिचित शामिल हो सकता है।
सड़क किनारे मिली मोटरसाइकिल, पास में मिला शव
रात में काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नगदारा से पाटन जाने वाले रास्ते पर उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी मिली। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर उदय सिंह का शव बरामद हुआ। शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस जांच में जुटी, कॉल डिटेल खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल, आखिरी लोकेशन और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई गई है।

