Seraikela : स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का रविवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। एनआर स्कूल, सरायकेला में आयोजित परीक्षा केंद्र पहुंचकर उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (एसटीएस) समेत विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वहीं परीक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की गई थी।
उपायुक्त ने केंद्र परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए योग्य, दक्ष और प्रतिबद्ध मानव संसाधन की आवश्यकता है। पारदर्शी और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाया जा रहा है। परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुआ।
Read also Seraikela News: सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा दुष्कर्म मामले में निलंबित

