
जमशेदपुर: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने जमशेदपुर पश्चिमी और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के शहरी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म के संग्रहण, डिजिटाइजेशन और मतदाता मैपिंग की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आजादनगर स्थित मतदान केंद्र संख्या 271 से 283 तथा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कपाली स्थित मतदान केंद्र संख्या 329 से 334 तक का दौरा किया। उन्होंने बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर फॉर्म संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष सहायता शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरवाने, जमा कराने और मैपिंग संबंधी सहायता दी जा रही है। सुबोध कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि जिन लोगों ने अब तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा नहीं किया है, वे 20 जुलाई को आयोजित विशेष शिविर में अवश्य फॉर्म जमा करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची के सभी मतदाताओं के लिए फॉर्म मुद्रित कर बीएलओ के माध्यम से घर-घर पहुंचाए गए हैं। समय पर भरे और हस्ताक्षरित फॉर्म जमा होने से डिजिटाइजेशन कार्य पूरा होगा और संबंधित मतदाता का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के अधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा बड़ी संख्या में मतदाता भी उपस्थित रहे।
Read Also- Durand Cup Ranchi : डूरंड कप का काउंटडाउन शुरू, रांची में ट्रॉफी शोकेस से बढ़ा फुटबॉल का रोमांच

