Dhanbad : कोयलांचल धनबाद में 10 मिनट के भीतर घरेलू सामानों की डिलीवरी का दावा करने वाली कंपनी ‘ब्लिंकिट की सेवाएं बुधवार को ठप हो गईं। सरायढेला स्थित ब्लिंकिट कार्यालय के लगभग 80 से अधिक डिलीवरी कर्मचारी (राइडर्स) अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अचानक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। अपनी आवाज बुलंद करने के लिए सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित कर्मचारी शहर के रणधीर वर्मा चौक पर इकट्ठा हुए और कंपनी प्रबंधन व स्थानीय मैनेजर के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन कर रहे कर्मचारियों में सोनू कुमार ने बताया कि इस चिलचिलाती और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में वे लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रोजाना 10 से 12 घंटे लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी दैनिक कमाई महज 500 के आसपास सिमट कर रह जा रही है। कर्मचारियों ने कंपनी के मौजूदा पे-आउट (पारिश्रमिक) ढांचे पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि पांच किलोमीटर तक की दूरी के लिए मिलने वाले 35 या 37 रुपये को बढ़ाकर 50 रुपये फिक्स किया जाए। इसके साथ ही एक किलोमीटर के दायरे में होने वाली डिलीवरी के लिए न्यूनतम 20 रुपये का भुगतान सुनिश्चित हो।
कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि पांच किलोमीटर से अधिक दूरी की डिलीवरी पर कंपनी फिलहाल 12 से 13 प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान कर रही है, जिसे बढ़ाकर 20 रुपये प्रति किलोमीटर किया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने मांग की है कि इस भयंकर धूप में कम से कम 900 से 1000 की दैनिक आय सुनिश्चित होनी चाहिए।
इसके अलावा, आंदोलनकारी राइडर्स ने स्थानीय स्तर पर हो रहे मानसिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने बताया कि जब भी कोई अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाता है, तो उसे मैनेजर द्वारा आईडी ब्लॉक करने की धमकी दी जाती है। अब तक लगभग आधे दर्जन से अधिक कर्मचारियों की आईडी बिना किसी ठोस कारण के ब्लॉक भी की जा चुकी है। कर्मचारियों ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि जब तक प्रबंधन उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए पे-आउट में सुधार नहीं करता और ब्लॉक की गई आईडी को दोबारा चालू नहीं करता तब तक उनकी यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शन करने वाले मुख्य कर्मचारियों में सोनू कुमार, सचिन माझी, चंदन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में डिलीवरी राइडर्स शामिल थे।
Read Also- टाटा स्टील परिसर में चोरी की बड़ी साजिश नाकाम, तीन संदिग्ध गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

