चाईबासा : दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत सोनुवा रेलवे फाटक पर गुरुवार को हुए हादसे में घायल महिला की शुक्रवार शाम सदर अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने रेलवे कर्मचारियों की लापरवाही से हादसा होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फाटक पार करने के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार गोइलकेरा थाना क्षेत्र के आराहासा गांव निवासी 61 वर्षीय चुनी कुई अपने बेटे के साथ गुरुवार दोपहर साइकिल से घर लौट रही थी। वह साइकिल के पीछे बैठी थी। रास्ते में सोनुवा रेलवे फाटक पार करने के दौरान हादसा हो गया।
अचानक गिराया गया फाटक, सिर में लगी चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला और उसका बेटा जब फाटक पार कर रहे थे, उसी समय रेलवे गेट को बंद करने के लिए अचानक नीचे गिराया जा रहा था। मां-बेटा फाटक के लोहे से टकरा गए। बेटे को चोट नहीं आई, लेकिन पीछे बैठी चुनी कुई के सिर में लोहे से गंभीर चोट लग गई।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद महिला को तुरंत सोनुवा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। शुक्रवार शाम इलाज के दौरान चुनी कुई की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। परिजनों का आरोप है कि गेटमैन ने बिना सूचना दिए अचानक फाटक गिरा दिया, जिससे यह हादसा हुआ। रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटकों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और गेट बंद करने से पहले पर्याप्त चेतावनी देने की मांग की है।

