
Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे अंडरपास के पास घर लौट रहे गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना मंगलवार की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
दूसरी घटना में जमशेदपुर में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता जुनैल केरकेट्टा पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया है। इस हमले में अभियंता लहू लुहान हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वह यार्ड से घर जा रहे थे तब देर रात घटना हुई। बदमाशों ने उनके पास मौजूद नकदी लूट ली। घायल अभियंता को टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
सरायकेला में हुई घटना के बारे में बताया जा रहा है कि 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने विशाल गोराई को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उनकी कमर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


