
रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिला मुख्यालय में झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल (35) की मंगलवार को देर रात अपराधियों ने चाकू से गोदकर मार डाला। वह पुलिस का मुखबिर और अपराधी भी था। रामगढ़ थाना की पुलिस ने बुधवार की सुबह करीब 8.30 बजे आवश्यक छानबीन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक सुमित अग्रवाल के शरीर के कई हिस्से में तेज धारदार चाकू से हमला करने के निशान मिले है। शव शहर के गोलपार बगीचा से दामोदर नदी जाने वाले पीसीसी सड़क के किनारे पड़ा था। वहीं मृतक की चप्पल व नीले रंग की टीशर्ट घटनास्थल से करीब 300 गज दूरी पर सूर्य मंदिर के पास मिली। घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय, एसआइ राजेश मुंडा ने घटना की छानबीन करते हुए टीशर्ट व चप्पल जब्त कर लिया है।
घटनास्थल पर पहुंचे मृत युवक के ससुर विकास यादव ने पुलिस को बताया कि शाम से ही वह घर से गायब था। शाम 7 बजे के बाद लगातार उसके मोबाइल पर घरवालों ने कई फोन किए, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में मोबाइल भी स्विचऑफ हो गया। सुबह सूचना मिली कि सुमित का शव बगीचा के पास पड़ा है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि सुमित अपनी बजाज डिस्कवर बाइक लेकर घर से निकला था। वह भी गायब है।
कई कांड में जेल जा चुका था सुमित अग्रवाल
गांजा, विस्फोटक पदार्थ सहित प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन व दवाइयां बेचने सहित कई आपराधिक मामले में सुमित अग्रवाल जेल भी जा चुका था। जिले में सक्रिय अपराधिक गिरोह से भी उसका संबंध था। पुलिस की मुखबिरी भी करता था। इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि सुमित अग्रवाल का शव मिला है। आपसी रंजिश से हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस हर बिंदुओं की जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारे की गिरफ्तारी होगी।
Read Also- NH-143 Truck Fire : NH-143 पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, समय रहते पाया गया काबू

