
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में होटल संचालक विशाल गोराई पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता एवं बजरंग दल से जुड़े सिंटू गोराई, स्क्रैप कारोबारी विक्की पांडेय सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला घायल विशाल गोराई के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए बयान में विशाल गोराई ने आरोप लगाया है कि स्क्रैप के अवैध कारोबार में वर्चस्व और कमीशन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण उस पर जानलेवा हमला कराया गया। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से पहले उन्हें खुलेआम धमकियां दी गई थीं।
जानकारी के अनुसार विशाल गोराई, विक्की पांडेय और सिंटू गोराई पहले आपस में करीबी दोस्त थे, लेकिन कारोबार को लेकर मतभेद बढ़ने के बाद उनके रिश्तों में खटास आ गई। पुलिस के मुताबिक विशाल हाल ही में स्क्रैप चोरी के एक मामले में जेल से रिहा हुआ था, जबकि विक्की पांडेय भी कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया है। वहीं सिंटू गोराई का नाम अवैध बालू और निर्माण सामग्री के कारोबार से भी जुड़ता रहा है।
हालांकि पुलिस केवल एफआईआर में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच नहीं कर रही है। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि विशाल गोराई को लगी गोली कहीं उनकी अपनी पिस्टल से तो नहीं चली। पूरे मामले की वैज्ञानिक साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जांच की जा रही है।
फिलहाल मामले के सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

