
Jamshedpur : बिरसानगर थाना क्षेत्र के हर्लुंग स्थित आस्था ट्विन सिटी सोसाइटी के निवासियों ने पानी, बिजली और सुरक्षा जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। सोसाइटी के लोगों ने उपायुक्त को पत्र लिखकर अपनी गंभीर परेशानियों से अवगत कराया है।
निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में सप्लाई किया जा रहा पानी बेहद गंदा और कीड़ों से भरा हुआ है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं, बिजली कटौती के दौरान डीजल जेनरेटर की व्यवस्था या तो नहीं है या फिर खराब स्थिति में है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके अलावा, सोसाइटी के लिफ्ट बार-बार खराब हो रहे हैं और पावर कट के समय कोई बैकअप भी उपलब्ध नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं, जिससे निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में रहने के लिए उन्होंने अच्छी सुविधाओं के वादे पर मोटी रकम खर्च की थी। आरोप है कि करीब 2.5 से 3.5 करोड़ रुपये सामूहिक रूप से लिए गए, लेकिन वादे के मुताबिक टाटा स्टील यूआईएसएल का पानी तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। वहीं, हर महीने 12 से 15 लाख रुपये मेंटेनेंस के नाम पर वसूले जा रहे हैं, लेकिन सुविधाएं नदारद हैं।
सोसाइटी के लोगों ने कहा कि प्रबंधन और प्रमोटर दोनों ही समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं, जिससे लोग अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस मामले की जानकारी जमशेदपुर के सांसद, जुगसलाई विधायक और बिरसानगर थाना को भी दी गई है।

