Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। यह दुर्घटना डुमरी थाना क्षेत्र के जामताड़ा पंचायत अंतर्गत पिपराडीह ओवरब्रिज के समीप हुई।
गौरतलब है कि देवघर से रांची की ओर जा रही एक मिनी एसयूवी ने पहले एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक को धक्का मारने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही दूसरी एसयूवी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बाइक सवार खाखीकला निवासी अब्बू हयात और उनके छह वर्षीय पुत्र अमीनुल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अब्बू हयात को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अब्बू हयात अपनी पत्नी रूबेना खातून, पुत्र अमीनुल और पुत्री अलीना परवीन के साथ बेरगी जा रहे थे। हादसे में रूबेना खातून और अलीना परवीन भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के पिता और पुत्र की मौत से खाखीकला गांव समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच और ओवरब्रिज के पास बेहतर यातायात सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Read Also: Jamshedpur News: मानगो पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

