Ranchi : राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
पुलिस जांच में इस मामले को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के कथित पति, जो वर्तमान में केरल में रह रहा है, ने ही स्थानीय युवकों को युवती के साथ दुष्कर्म करने के लिए उकसाया था। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने बताया कि शनिवार रात से शुरू हुई छापेमारी रविवार सुबह करीब पांच बजे तक चलती रही। इस दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी या साजिशकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह पिछले दो वर्षों से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब डेढ़ महीने पहले युवक काम के सिलसिले में केरल चला गया था। इसके बाद वह उसके घर में ही रह रही थी।
पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे कुछ युवक उसके घर पहुंचे और जबरन उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि युवकों ने उसे नदी किनारे ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। शनिवार सुबह उसे छोड़ा गया, जिसके बाद वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर मांडर थाना पहुंचे, जहां मामला दर्ज कराया गया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
Rea also Jamshedpur News : कोवाली थाना प्रभारी पर मारपीट और रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी से कार्रवाई की मांग

