
Lohardaga : लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गई जब आसमान में एक प्लेन काफी नीचे डगमगाते हुए उड़ता नजर आया। इस अजीबोगरीब और डरावने नजारे को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत और भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रखंड के उदरंगी गांव में यह विमान जमीन से महज 40 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। हवा में लगातार हिलते-डोलते और संतुलन खोते इस विमान को देखकर लोगों की सांसें अटक गईं।
स्थिति इतनी भयावह थी कि चार्टर्ड प्लेन आसमान में उड़ान के दौरान गांव में एक बड़े पेड़ से टकराने से बाल-बाल बचा। इसके बाद जब विमान भंडरा मुख्यालय की ओर बढ़ा तो वहां पर भी स्थित जियो मोबाइल टावर के बेहद करीब और नीचे से होकर गुजरा। इतनी कम ऊंचाई पर विमान को अनियंत्रित रूप से उड़ता देख किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से लोग डर गए और आनन-फानन में अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
विमान से जमीन के इतने करीब मंडराते इस विमान ने हर किसी को हतप्रभ और चिंतित कर दिया। गनीमत रही कि विमान किसी दुर्घटना का शिकार नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। माना जा रहा है कि यह कोई ट्रेनी विमान हो सकता है और पायलट को नीचे उड़ान की ट्रेनिंग दिलाई जा रही होगी कि आपात स्थिति में कैसे विमान को संभाला जा सकता है।

