Chatra: गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा शहर के बस स्टैंड स्थित मेदांता हॉस्पिटल को सील कर दिया है। यह कार्रवाई उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर गठित जांच टीम द्वारा रविवार देर शाम की गई।
जानकारी के अनुसार लावालौंग निवासी बैजंती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना में उसके अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अस्पताल की जांच कराई।
प्रभारी सिविल सर्जन सह सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार, अंचलाधिकारी अनिल कुमार और सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक और अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं सिमरिया के कसारी निवासी राहुल भुईंया नामक एक मरीज अस्पताल में भर्ती पाया गया, जिसे एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल भेजा गया।
जांच के बाद प्रशासन ने अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर सहित मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर पूरे अस्पताल को सील कर दिया। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इलाज के दौरान लापरवाही के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के निजी अस्पतालों में भी हड़कंप मच गया।
Read also – Jamshedpur News: टाटा मोटर्स कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी, पांच लाख के गहने और नकदी लेकर फरार हुए चोर

