Jamshedpur : मानगो स्थित गांधी घाट के समीप बच्चों के दफन स्थल की बदहाल स्थिति को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। सोमवार को समाजसेवी सौरभ विष्णु के साथ टाटा स्टील कॉरपोरेट कार्यालय और टाटा फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संकेत दिया कि टाटा स्टील की ओर से इस स्थल का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इससे न केवल दफन स्थल की स्थिति बेहतर होगी, बल्कि यहां आने वाले लोगों को भी सम्मानजनक और शांत वातावरण मिल सकेगा।
वर्तमान में बाल दफन स्थल पर बाउंड्री वॉल की कमी के कारण जानवरों का प्रवेश आसान है। स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्तों समेत अन्य पशु परिसर में पहुंच जाते हैं, जबकि असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बढ़ गई है। इन समस्याओं को लेकर बाल दफन स्थल समिति ने समाजसेवी सौरभ विष्णु से संपर्क किया था। इसके बाद उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन से बातचीत की, जिसके परिणामस्वरूप अधिकारियों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।
प्रस्तावित योजना के तहत दफन स्थल की बाउंड्री वॉल को ऊंचा किया जाएगा ताकि जानवरों और असामाजिक तत्वों का प्रवेश रोका जा सके। इसके अलावा परिसर में पौधरोपण कर हरित वातावरण विकसित किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले परिवारों को मानसिक शांति और सुकून का अनुभव हो सके।
जन विकास मंच के प्रमुख और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने कहा कि लोकतंत्र में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी किसी संस्था या कॉरपोरेट की ओर से जनहित की अनदेखी होती है तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना आवश्यक है। वहीं, यदि कोई संस्था समाज और जनता के हित में काम करती है तो उसका स्वागत भी किया जाना चाहिए।
सौरभ विष्णु ने कहा कि उनका समर्थन किसी संस्था विशेष के लिए नहीं, बल्कि हमेशा जनता और जनहित के लिए रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि किसी संस्था का कोई कार्य जनहित के खिलाफ होगा तो वह उसका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि गांधी घाट के समीप स्थित बाल दफन स्थल का विकास केवल एक स्थान के सौंदर्यीकरण का मामला नहीं है, बल्कि उन परिवारों की भावनाओं और स्मृतियों के सम्मान से जुड़ा विषय है, जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को यहां अंतिम विदाई दी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल के बाद यह स्थल श्रद्धा, शांति और सम्मान का प्रतीक बनकर उभरेगा।

