Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना में रांची निवासी सूरज नामक युवक के खिलाफ ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। चक्रधरपुर निवासी एक महिला ने 7 जून को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता वर्तमान में चाईबासा में काम करती है।
होटल में बनाया अश्लील फोटो
पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि पिछले साल 31 दिसंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से रांची के सूरज से उसकी जान पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर लगातार चैट और वीडियो कॉलिंग होने लगी। आरोप है कि इसी साल 3 जनवरी को सूरज ने पीड़िता को रांची बुलाया। वहां एक होटल में रखकर जबरन दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो बना लिए। इसके बाद आरोपी फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
चार महीने तक किया शोषण
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे लगातार चार महीने तक रांची बुलाकर दुष्कर्म करता रहा। हर बार गर्भपात की दवा भी खिलाई। विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मई 2026 में आरोपी ने पीड़िता को चाईबासा के एक होटल में बुलाया और फोटो वायरल करने की धमकी देकर फिर दुष्कर्म किया। लगातार धमकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कराया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी रांची का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रांची भेजी जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Chaibasa Murder Case : उपमुखिया हत्याकांड में गुईगांव में आरोपी के परिवार का सामाजिक बहिष्कार

