Hazaribagh : ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ की कहावत रविवार को हजारीबाग के चरही घाटी में उस समय चरितार्थ होती नजर आई, जब कोल्ड ड्रिंक से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक महेंद्र कुमार पाल वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक के दोनों पैर केबिन के लोहे के हिस्सों में फंस गए थे, जिससे उसे निकालना बेहद मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू किया। चालक को निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से ट्रक के केबिन को काटना पड़ा। काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया गया।
इधर, ट्रक पलटने के बाद सड़क पर कोल्ड ड्रिंक की सैकड़ों बोतलें बिखर गईं। इसके बाद वहां शर्मनाक स्थिति देखने को मिली। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के बीच कोल्ड ड्रिंक की बोतलें उठाने और ले जाने की होड़ मच गई। मोटरसाइकिल सवारों से लेकर चार पहिया वाहन चालक तक अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर बोतलें ले जाते नजर आए।
दुर्घटना के कारण चरही घाटी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सामान्य कराया। करीब एक घंटे तक चले राहत अभियान के बाद चालक को जीवित बाहर निकाल लिए जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

